रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक के घायल होने के मामले में पुलिस ने घायल युवक की तहरीर पर आरोपी कार व उसके चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनौरा कलां निवासी राघवेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह देवनगर चौराहे पर जिला परिषद की दुकानों में एक दुकान किराए पर लिए है। बीती 13 फरवरी की दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी दुकान पर बाइक से आ रहा था। रास्ते में उरई की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने बेकाबू होकर उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में फ्रेक्चर हो गया। उसे पहले सीएचसी ले जाया गया। फिर वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के बाद उसे कुछ आराम हुआ और वह रिपोर्ट लिखाने आया है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कार व उसके चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद में हुआ झगड़ा
जालौन। पारिवारिक विवाद को लेकर पिता व भाई के साथ झगड़ा कर रहे युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी खास निवासी शिवनारायण ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा भूपेंद्र पारिवारिक विवाद के चलते अक्सर घर में विवाद करता रहता है। कई बार समझाने की कोशिश की है, लेकिन सुनने को तैयार नहीं है। पिता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार की सुबह भूपेंद्र आकर विवाद करने लगा। उन्होंने रोकने की कोशिश की तो गाली, गलौज करते हुए अभद्रता करने लगा। भाई राधेश्याम ने रोका तो उसके साथ मारपीट कर दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की है।






