जालौन क्षेत्र में नही है प्रतिभाओं की कमी,चार युवकों ने कबड्डी प्रतियोगिता में पाई विजय

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। इसे एक बार फिर ग्राम लौना के चार कबड्डी खिलाड़ियों ने साबित कर दिखाया है। आईसीएसई बोर्ड यूपी स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता में लौना के अर्पित, सुमित, हर्ष और अमन ने अपनी-अपनी श्रेणी में दमदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की टीम को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के बाद उनके परिजनों के साथ ही गांव और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग में अर्पित, सुमित और हर्ष ने टीम की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में अमन ने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। चारों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से टीम को मुकाबलों में मजबूती मिली और अंततः विद्यालय की टीम प्रतियोगिता में विजेता बनने में सफल रही। लौना के रहने वाले चारों खिलाड़ी लंबे समय से कबड्डी का अभ्यास कर रहे हैं। ग्रामीण परिवेश में रहते हुए नियमित अभ्यास और खेल के प्रति लगन के दम पर उन्होंने अपनी प्रतिभा को निखारा। उनकी क्षमता को देखते हुए ग्लोबल नव जीवन पब्लिक स्कूल, गाजियाबाद ने चारों खिलाड़ियों को स्पॉन्सर किया। विद्यालय की टीम की ओर से प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलने पर खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से इस भरोसे को सही साबित किया। खिलाड़ियों की सफलता की जानकारी गांव पहुंचते ही खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के युवाओं में खेल को लेकर काफी उत्साह है।