लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आज उस समय हड़कंप मच गया जब एक 17 वर्षीय युवती की रक्तरंजित लाश खेत में पड़ी मिली । घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हत्याकांड के संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है । फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है
यह है मामला
लखनऊ कमिश्नरेट के थाना दुबग्गा अंतर्गत मोरा खेड़ा गांव में आज एक 17 वर्षीय युवती की लाश खून से लथपथ हालत में ग्रामीणों ने पड़ी देखी । लाश मिलने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लड़की अपने घर से शौच के लिए निकली थी और बाद में उसकी लाश मिली।
डीसीपी दक्षिणी ने दी मीडिया को विस्तार से जानकारी

दुबग्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरा खेड़ा गांव में मिली युवती की लाश के संबंध में डीसीपी दक्षिणी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक 17 साल की लड़की की डेड बॉडी मिली है । इस संबंध में लड़की के परिजनों से पूछताछ की गई उन लोगों को अभी कोई जानकारी नहीं थी कि किस कारण इसकी हत्या हुई है । उन्होंने बताया कि लड़की के गले पर चोट के निशान है और पास में ही एक चाकू भी पड़ा मिला है। डीसीपी दक्षिणी ने बताया कि गांव वालों व आसपास के लोगों से जानकारी मिली है कि प्रेम प्रसंग का मामला प्रकाश में आया है पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।




