(ब्यूरो रिपोर्ट )
जालौन (उरई)। खेत पर जा रहे दिव्यांग से गांव के ही कुछ लोगों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये न देने पर गाली, गलौज करते हुए लाठी, डंडों और मारपीट कर दी। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी दिव्यांग निखिल अनुरागी ने पुलिस को बताया कि सोमवार की शाम वह खेत पर जा रहा था। तभी रास्ते में शराब ठेके पर गांव के ही वीरबहादुर व वीरेंद्र मिल गए। उसे आता देख उक्त दोनों उसके पास आए और उससे शराब के लिए रुपये मांगने लगे। जब उसने बताया कि वह खेत पर जा रहा है। अभी उसके पास रुपये नहीं हैं। इस बात को सुनकर दोनों उसके साथ गाली, गलौज करने लगे। मना करने पर दोनों ने उसके साथ लाठी, डंडों से मारपीट कर दी और कुल्हाड़ी से भी मारा। जिसमें उसे चोटें आई हैं। इतना ही नहीं शिकायत पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




