(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर पिछले वर्ष धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर हट गए थे। सरकार द्वारा लगाई रोक के बाद एक बार फिर से धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों की ध्वनि आने लगी है।
ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए अप्रैल 2022 में धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकरों पर रोक लगा दी। उच्चतम न्यायालय के आदेश का सरकार ने कड़ाई से पालन कराते हुए नगर के धार्मिक स्थलों मंदिर व मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर हटवा दिए थे। तेज ध्वनि में बजने वाले लाउडस्पीकर हटने के बाद धार्मिक स्थल के आसपास रहने वाले लोगों को राहत मिली थी। समय बीतने के साथ ही प्रतिबंधित लाउडस्पीकर का उपयोग धीरे-धीरे फिर बढ़ने लगा है। सुबह से ही धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज सुनाई देने लगती है। इसके साथ ही रात के समय भी लाउडस्पीकर बजते रहते हैं। लाउडस्पीकर बजने के कारण बीमार लोगों को बहुत दिक्कत हो रही है। इस समय विश्वविद्यालय की सेमिस्टर परीक्षाएं चल रही है। ऐसे में पढ़ाई करने वाले छात्र छात्राओं को भी दिक्कत हो रही। परीक्षा देने की तैयारी कर रहे प्रतीक, उत्तम, नरेश, प्रसून, आकाश, प्रखर, शैलेंद्र, शिवा, राम ने डीएम से मांग की है कि नगर में तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर बंद कराए जाएं जिससे उन्हें परीक्षा की तैयारी करने में दिक्कत न हो। इस बाबत कोतवाल विमलेश कुमार ने बताया कि धार्मिक स्थल के प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्धारित ध्वनि पर ही लाउडस्पीकर बजाएं।






