पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में दीपों का पर्व दीपावली नगर व ग्रामीण क्षेत्र में उल्लास, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। दीपों की रोशनी से गलियां, मोहल्ले और घर जगमगा उठे। दीपों की रोशनी और पटाखों की गूंज के बीच पूरा नगर आनंद और उल्लास में सराबोर दिखाई दिया। दीपावली ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान और दिलों में खुशियां भर दीं। लोगों ने परंपरा और श्रद्धा के साथ मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की आराधना कर खुशहाली की कामना की।
दीपावली की शाम होते ही नगर के घर, मंदिर और बाजार दीपों की सुनहरी आभा से चमक उठे। लोगों ने अपने घरों को दुल्हन की तरह सजाया था। शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना की गई। बच्चों महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने दीप जलाकर और रंगोली बनाकर आनंद व्यक्त किया। युवाओं में आतिशबाजी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। देर रात तक आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा। मिठाइयों, दीयों, और पटाखों की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने अपने प्रियजनों के लिए उपहार और मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही, जहां लोगों ने पूजा-पाठ कर सुख-समृद्धि की कामना की। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर दीपों से सजा दिखाई दिया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने आतिशबाजी का आनंद लिया और दीप पर्व की खुशियों में शामिल हुए। लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर मिठाई और उपहार देकर शुभकामनाएं देते नजर आए। प्रशासन की ओर से पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सीओ अजय कुमार सिंह, कोतवाल हरिशंकर चंद, इंस्पेक्टर क्राइम लालबाबू मिश्रा, विवेक मौर्य व चौकी प्रभारी मनीष तिवारी बाजार और सड़कों पर लगातार गश्त करते रहे। क्षेत्र में त्योहार शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।






