(ब्यूरो रिपोर्ट )

Auraiya news today । उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग लखनऊ के अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान चिचौली स्थित 100 शैय्या जिला चिकित्सालय व तुर्कीपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ सफाई, दीवारों पर रंग रोगन आदि के संबंध में कहा कि स्वच्छता को दृष्टिगत रखते हुए परिसर की चाहर दीवार एवं भवन की रंगाई पुताई भी होना आवश्यक है।

अध्यक्ष ने सर्वप्रथम 100 शैय्या जिला चिकित्सालय चिचौली के निरीक्षण के दौरान 12 बेड्स एसएनसीयू, 6 बेड्स के एमसी वार्ड तथा एनआरसी वार्ड को देखा और वहां पर उपस्थित जननी माताओं सहित अपने बच्चों का इलाज कराने आयी माताओं से हाल-चाल जाना तथा चिकित्सालय द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी ली जिस पर सभी माताओं ने उन्हें आश्वस्त किया कि चिकित्सालय द्वारा सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि परिसर में तथा आसपास साफ सफाई अवश्य रखें जिससे कि गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से जनसंख्या में वृद्धि हो रही है उसको दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक गांव/क्षेत्र स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है।

इसके पश्चात अध्यक्ष ने तुर्कीपुर कंपोजिट विद्यालय में पहुंचकर बच्चों द्वारा किए गए स्वागत का सम्मान किया। इसके बाद अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से महात्मा गांधी एवं शास्त्री जी के जीवनी परिचय के संबंध में जानकारी ली जिस पर बच्चों ने सही जानकारी दी। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर कार्यक्रम भी प्रसिद्ध किया। अध्यक्ष ने बच्चों की मांग पर ग्राम प्रधान गिरजा शंकर तथा एबीएसए को निर्देश दिए कि विद्यालय में एक झूला लगवाया जाए साथ ही विद्यालय में साफ- सफाई तथा रंगाई-पुताई सही न होने पर कहा कि समय रहते विद्यालय में सफाई कराते हुए दीवारों की भी रंगाई पुताई कराई जाए और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए विद्यालय परिषद तथा आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जाए।

उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी आशुतोष सिंह को कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए एक क्रिकेट किट उपलब्ध कराई जाए जिससे बच्चों को खेल जगत में भी कदम बढ़ाने का मौका मिले। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजीतमल, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, मेडिकल प्रधानाचार्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।






