(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । नगर के रामलीला भवन में हर वर्ष आयोजित होने वाले श्रीरामलीला के 175वें महोत्सव का गणेश पूजन व प्रसाद वितरण के साथ शुभारंभ हुआ। गणेश पूजन का कार्य आचार्य महेश द्वारा संपन्न कराया गया।
नगर की ऐतिहासिक प्राचीन रामलीला के 175वें महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आचार्य महेश अवस्थी द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ गणेश पूजन किया गया। समिति के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने भगवान गणेश की स्थापना की एवं पूजा अर्चना कर रामलीला कार्य के सफल मंचन के लिए राम भक्त हनुमानजी से प्रार्थना की। रामलीला के मंचन को इस बार उत्तर भारत के महान कलाकारों को मंचन कर अपनी कला के प्रदर्शन का मौका दिया गया है। समिति के मंत्री पवन चतुर्वेदी ने बताया कि इस बार 14 अक्टूबर को धनुष यज्ञ की लीला आकर्षण का केंद्र होगी। जिसमें परशुराम लक्ष्मण संवाद विशेष आकर्षण में होंगे। 15 अक्टूबर को दिन में राम कलेवा का आयोजन श्रीरामलीला भवन पर होगा। 17 अक्टूबर को श्रीराम केवट संवाद व श्रीराम भरत मिलाप की लीला का मंचन नगर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर तालाब पर सायं तीन बजे से होगा। 22 अक्टूबर को लक्ष्मण शक्ति व कालनेमि की माया का मंचन होगा। 24 अक्टूबर को सायं पांच बजे से दशहरा मेला व रावण वध की लीला का मंचन श्रीबाराहीं देवी मेला ग्राउंड पर किया जाएगा। रामलीला के मंचन में राम की भूमिका में विवेक मिश्रा उरई, जानकीजी रामदूत तिवारी, लक्ष्मणजी केके शुक्ला, हनुमानजी डॉ. रमेशचंद्र दुबे, परशुराम जेडी शुक्ला, दशानन रामकेश दुबे के अलावा रामभूषण उदैनियां, रमेशचंद्र दुबे, प्रयाग गुरू, रामशरण शर्मा, दिगंबर तिवारी, भानु शर्मा, राजकुमार आचार्य, नरेंद्र याज्ञिक व श्याम जादौन भी प्रमुख भूमिकाओं में रहेंगे। नृत्यकार रेखारानी इटावा, साहिल व रामप्रकाश होंगे एवं हास्य कलाकार के रूप में टिल्लू मस्ताना व बबलू दीवानी लोगों को गुदगुदाएंगे। रामलीला का निर्देशन पंडित प्रयाग गुरू के हाथों में होगा। वहीं, संचालन राजकुमार मिझौना व सुशील कुशवाहा करेंगे।





