(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । जालौन नगर के नवीन गल्ला मंडी गेट पर मंडी समिति द्वारा दुकानें बनवाई गई हैं। लेकिन सुविधाएं नहीं दी गई हैं। दुकानदार ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर सुविधाएं देने की मांग की है।
नवीन गल्ला मंडी में मंडी समिति द्वारा मेन गेट के बगल में मार्केट का निर्माण कराया गया था। मार्केट के निर्माण के दौरान दुकानों में सभी सुविधाएं देने के लिए कहा गया था। नीलामी के माध्यम से दुकानों का अनुबंध भी कर दिया गया। दुकानदार बालकराम निवासी खंडेराव ने एसडीएम सुरेश कुमार को शिकायती पत्र देकर बताया कि मंडी समिति द्वारा सुपर मार्केट का निर्माण कराया गया है। जब दुकानों का अनुबंध कराया गया तब कहा गया था कि दुकानों में बिजली की फिटिंग कराकर दी जाएगी। इसके अलावा इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। साथ ही दुकानों के सामने जो नाला है उस पर ग्राहकों के आने के लिए पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। अनुबंध होने के बाद इनमें से कोई कार्य नहीं कराया गया। दुकानदारों ने अपने धन से बिजली वायरिंग का काम कराया। हालांकि कुछ दुकानों के सामने पुलिया का निर्माण कराया गया लेकिन उनकी दुकान के सामने पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया है। आरोप है कि इस संदर्भ में उन्होंने कई बार मंडी सचिव से बात की। लेकिन उन्होंने पुलिया बनवाने से साफ इंकार कर दिया। ऐसे में ग्राहकों को दुकान में आने में दिक्कत होती है। पीड़ित दुकानदार ने एसडीएम से समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।




