जालौन मंडी व नवीन मंडी में व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बने विचरण करते गोवंश,, उठी ये मांग

(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । कृषि उत्पादन मंडी समिति व थोक सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में गोवंश विचरण कर रहे हैं। मंडी में विचरण करते गोवंश व्यापारियों व फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
गोवंशों के संरक्षण के लिए अधिकारियों से लेकर सरकार तक प्रयास कर रही है। जिलाधिकारी गोवंशों के लिए गौशाला की सुदृढ़ व्यवस्था करने के निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अन्ना गोवंशों की रोकथाम पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सर्दी के मौसम में आज भी गोवंश खुले आसमान में रात काट रहे हैं। बंगरा मार्ग पर स्थित गल्ला मंडी व थोक सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में गोवंश विचरण कर रहे हैं। मंडी में विचरण करते गोवंश व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इसके साथ मंडी में अनाज बेचने आने वाले किसानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंडी परिसर में मंडी से निकलने वाले अनाज की छानन को नहीं उठाया जाता है। मंडी में फैली अनाज की छानन से पेट भरने के चक्कर में गोवंशों का झुंड घूमता रहता है। मंडी परिसर में जानवरों को आने से रोकने के लिए मंडी प्रशासन द्वारा ठेकेदार नियुक्त किया गया है और पीआरडी जवान भी तैनात है। इसके बाद भी इन पर रोक नहीं लग पा रही है। इन गोवंशों को आसपास की गोशालाओं में शिफ्ट नहीं किया गया है। मंडी में घूमते गोवंश राहगीरों के लिए परेशानी पैदा कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों व व्यापारियों को हो रही है। गोवंशों के कारण उन्हें अनाज की हमेशा रखवाली करनी पड़ती है। इधर उधर होने पर गोवंश अनाज को नुकसान पहुंचा देते हैं। उधर, सब्जी मंडी के व्यापारी अशफ़ाक, मुवीन, गुड्डू, चांद, सोहराब बताते हैं कि सब्जी मंडी में गोवंश सब्जी व फलों को नुकसान पहुंचाते हैं। इन्हें रुकवाने के लिए मंडी सचिव से कई बार कहा इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

परिवहन विभाग की टीम ने चलाया चेकिंग अभियान

जालौन। परिवहन विभाग की टीम ने बुधवार की सुबह बंगरा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम ने ओवरलोडिगं व आवश्यक कागजात न होने पर नौ वाहनों का चालान किया है। पकड़े गए वाहनों पर जुर्माना लगाया गया है।
परिवहन अधिकारी विनय कुमार पांडेय के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने बुधवार की सुबह चेकिंग अभियान चलाया। बंगरा मार्ग पर चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने वाहन चालकों से आवश्यक प्रपत्र देखे और ओवरलोडिंग करके जा रहे वाहनों को चैक किया। चेकिंग के दौरान टीम ने बालू के ओवरलोड ट्रक, ट्रैक्टर, कार, क्रेन समेत नौ वाहनों को पकड़ा है। पकड़े गए वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम व ओवरलोडिगं करने के मामले में कार्रवाई की गई है। परिवहन विभाग द्वारा की जा रही चेकिंग की जानकारी मिलते ही वाहन चेकिंग से बचने के लिए इधर-उधर से निकलते दिखे। वहीं, सूचना मिलते ही बालू के ओवरलोड ट्रकों के पहिए थम गए और टीम के जाने की प्रतीक्षा करने लगे। परिवहन विभाग की टीम ने पकड़े गए वाहनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है और पकड़े गए वाहनों पर दो लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। परिवहन अधिकारी विनय कुमार पांडेय ने बताया कि चेकिंग के दौरान नौ वाहनों को पकड़ा गया है, जिन पर जुर्माना लगाया गया है।

Leave a Comment