TMC सांसद महुआ मोइत्रा की संसद सदस्यता रद्द होने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कही यह बड़ी बात,, भाजपा ने विपक्ष की हर आवाज कुचलने का कर लिया इरादा

SP chief Akhilesh Yadav said this big thing on the cancellation of TMC MP Mahua Moitra's Parliament membership, BJP has decided to crush every voice of the opposition.

TMC सांसद महुआ मोइत्रा की संसद सदस्यता रद्द किए जाने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होने कहा कि विपक्ष के प्रति भाजपा नेतृत्व का विद्वेषपूर्ण रवैया पूर्णतया असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है। ऐसा लगता है जैसे भाजपा ने विपक्ष की हर आवाज को कुचलने का इरादा कर लिया है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर उसे न विश्वास है और नहीं संविधान पर उसकी निष्ठा है। डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने संविधान सभा में संविधान के दुरूपयोग और एकाधिकारी प्रवत्ति के प्रति संदेह जताया था। उनका अंदेशा सही साबित होने जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा राज में अघोषित तानाशाही की प्रवृत्तियां साफ नज़र आ रही है। अच्छा हो, सत्ताधारी दल विपक्ष के लोगों की सदस्यता लेने के लिए किसी सलाहकार को रख ले जिससे मंत्रीगण और सत्तापक्ष के सांसदों और विधायकों का समय षड्यंत्रकारी गतिविधियों में न लगकर लोकहित के कार्यों में लगे। जिन आधारों पर सांसदों की सदस्यता ली जा रही है, अगर वह आधार सत्तापक्ष पर लागू हो तो शायद उनका एक दो सांसद, विधायक ही बचेगा।
उन्होने कहा कि भाजपा अपने विरोधियों की सदस्यता छीनने के कुचक्र के साथ उनको बदनाम करने के लिए सरकारी एजेंसियों, इनकम टैक्स, ईडी, सीबीआई आदि का इस्तेमाल करके इन संस्थाओं की विश्वसनीयता को भी नष्ट कर रही है। लोकतंत्र में ऐसी हरकतों का कोई स्थान नहीं हो सकता है।

Leave a Comment