
Jalaun news today । जालौन नगर में शनिवार की रात चोरों ने पेट्रोल टैंक के बगल में खड़ी डीसीएम गाड़ी को निशाना बनाकर उसे चोरी कर लिया। डीसीएम चालक ने चोरी की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी नासिर उर्फ नजीर ने पुलिस को बताया कि वह कोंच निवासी सलीम खान की डीसीएम चलाता है।

शनिवार की दोपहर वह बुरहानपुर से केले लेकर जालौन आया था। दोपहर में मंडी में गाड़ी खाली करने के बाद उसने डीसीएम औरैया रोड स्थित पेट्रोल टैंक के पास खड़ी कर दी। उसका एक घर जालौन में भी है। जहां वह आराम करने के लिए चला गया। रविवार की सुबह उसे आलू लादने के लिए इटावा जाना था। सुबह जब वह डीसीएम लेने के लिए पेट्रोल टैंक के पास पहुंचा तो डीसीएम गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं कोई पता नहीं चला। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सीसीटीवी फुटेज में रात करीब तीन बजे डीसीएम बैक होकर आगे जाते हुए दिखी लेकिन उसमें चालक का चेहरा नहीं आ पाया। पुलिस अब और भी सीसीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है। ताकि डीसीएम ले जाने वाले व्यक्ति का चेहरा दिख सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





