
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के राजारामपुर गांव में भगवान श्रीगणेश के पंडाल में बिजली की सजावट करते समय किशोर को करंट लगने से किशोर की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में औरैया मार्ग पर जगनेवा लोहिया पुल के नीचे कुछ वर्ष पूर्व राजारामपुर नामक नई बस्ती बसी हुई है। इसी राजारामपुर में गणेश चतुर्थी के मौके पर शनिवार को सार्वजनिक पंडाल में भगवान श्रीगणेश की मूर्ति स्थापित की गई थी। गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ ही रात में पंडाल में सजावट का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि सजावट के काम में गांव का 14 वर्षीय किशोर शिवम पुत्र मोहर सिंह भी हाथ बंटा रहा था। इसी दौरान रात करीब नौ बजे अचानक उसे करंट लग गया। करंट लगते ही वह पंडाल में गिर गया। पंडाल में काम कर रहे साथी व परिजन ने जब उसे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा तो तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने अस्पताल में पहुंच कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मां संध्या देवी का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, पिता भी 14 वर्षीय बेटे को खोकर गमगीन हैं।





