
Jalaun news today । जालौन में मंगलवार की दोपहर से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी पूरे दिन जारी रही। दो दिन से हो रही बारिश के चलते सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ। नगर में गलियों में जल भराव हो गया है। साथ ही कच्चे मकानों को भी नुकसान होने लगा है। बारिश के चलते घरों की मिट्टी निकलने लगी है। बारिश के चलते बच्चे भी घरों से खेलने के लिए बाहर नहीं निकल सके।
मंगलवार की दोपहर अचानक से मौसम में परिवर्तन हुआ और बादल छा गए। दोपहर तक बारिश शुरू हो गई। मंगलवार को रूक रूककर बारिश होती रही। लेकिन रात में मौसम ने एक बार फिर करवट ली और रात से बारिश नहीं थमी। बुधवार को भी पूरे दिन कभी तेज तो कभी धीमी बारिश का सिलसिला चलता रहा। दो दिन से हो रही बारिश के चलते नगर व ग्रामीण क्षेत्र में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। लोग अपने काम पर नहीं जा सके। एक ओर जहां खेतों में भी पानी भरा नजर आ रहा है तो दूसरी ओर गलियों में भी बारिश का पानी और कीचड़ नजर आ रहा है। जिन गांवों में गालियां कच्ची थी वहां कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहा था। सहाव, सदूपुरा आदि गांव में सीसी रोड नहीं डाली गई है। ऐसे में इन गांवों की गलियों में भी कीचड़ पसरा नजर आ रहा है। वहीं, बारिश के चलते बुधवार को बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। सिर्फ छाता और रेन कोट की दुकानों पर ही कुछ लोग नजर आए। उधर, लगातार हो रही बारिश के चलते कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचने लगा है। बारिश के चलते कच्चे मकान की मिट्टी गिरने लगी है। जिसके कारण इन घरों में रहने वाले लोगों के लिए बारिश परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है।






