रिपोर्ट बबलू सेंगर

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़
Jalaun news today । जालौन के बंगरा मार्ग स्थिति थोक सब्जी मंडी के गेट के पास बना गड्ढा परेशानी का सबब बना हुआ है। मटर बेचने आने वाले किसानों को ट्रैक्टर निकालने व व्यापारियों को ट्रक निकालने में दिक्कत हो रही है। सोमवार को मिनी ट्रक के फंस जाने के बाद से इस गड्ढे में मिट्टी भर कर काम चलाया जा रहा है।
नवीन गल्ला मंडी के बगल में बनी थोक सब्जी मंडी के प्रवेश द्वार पर लंबे समय से गड्ढा बना हुआ है। प्रवेश द्वार से अंदर जाते ही बायीं ओर सड़क पर गड्ढा बन गया है। इस समय ग्रामीण क्षेत्र से किसान हरी मटर को लेकर मंडी आ रहे हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली में मटर लेकर आ रहे किसान को मटर से भरी ट्रॉली को निकालने में दिक्कत हो रही है। आम रास्ते मे सड़क पर बने गड्ढे के कारण किसानों के साथ व्यापारी भी परेशान है। किसानों की मटर खरीदने के बाद व्यापारी ट्रक के माध्यम से मटर को बाहर ले जाते हैं। सड़क पर गड्ढे के कारण ट्रकों को भी निकालने में दिक्कत हो रही है। सोमवार को ट्रक निकालते समय एक मिनी ट्रक गड्ढे में फंस गया था, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। ट्रक को निकालने के बाद व्यापारियों ने मंडी प्रशासन द्वारा गड्ढा भरने का इंतज़ार छोड़ दिया और व्यापारियों ने ही मिट्टी मंगवा कर गड्ढे को भरवा दिया है, जिससे किसानों के ट्रैक्टर व व्यापारियों के ट्रक निकलते रहें।





