रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन जनपद एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में आम लोगों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर नगर वासी ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजकर बुंदेलखंड क्षेत्र में 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराए जाने की मांग की है।
मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र आर्थिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, विद्यार्थी, कर्मचारी तथा सामान्य परिवार निवास करते हैं, जिन्हें प्रतिदिन उरई सहित अन्य शहरों में आवागमन करना पड़ता है। वर्तमान समय में पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों के कारण निजी वाहनों और अन्य परिवहन साधनों का किराया काफी महंगा हो गया है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बुंदेलखंड क्षेत्र में लगभग 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराया जाता है तो लोगों को कम किराए में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, श्रमिकों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों तथा गरीब परिवारों को विशेष राहत मिलेगी। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में कमी आएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।







