जालौन क्षेत्र के इस गांव में खेल का मैदान और ओपेन जिम शुरू करने की मांग,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में खलिहान की भूमि पर खेल मैदान एवं ओपन जिम विकसित कराने की मांग को लेकर ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर गाटा संख्या 291 का श्रेणी परिवर्तन कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
कुठौंदा बुजुर्ग निवासी ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर ने डीएम राजेश पांडेय को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग की भूमि प्रबंधक समिति ने शासन की मंशा के अनुरूप गाटा संख्या 291, जिसका रकबा 1.206 हेक्टेयर है और जो वर्तमान में खलिहान के रूप में दर्ज है, उसे खेल मैदान के लिए प्रस्तावित किया है। ग्राम पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह स्पष्ट किया गया कि वर्तमान में उक्त खलिहान भूमि की आवश्यकता नहीं है। इसलिए उसका श्रेणी परिवर्तन कराकर वहां खेल मैदान एवं ओपन जिम विकसित किया जाना जनहित में आवश्यक है। आरोप लगाया कि इसको लेकर ग्राम प्रधान द्वारा भूमि के श्रेणी परिवर्तन का प्रस्ताव पूर्व में ही एसडीएम कार्यालय को भेजा जा चुका है, लेकिन तहसील स्तर पर प्रक्रिया पूरी न होने से मामला लंबित है। इसके चलते शासन की योजना के तहत खेल मैदान और ओपन जिम का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने डीएम से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर गाटा संख्या 291 के श्रेणी परिवर्तन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए। साथ ही खेल मैदान एवं ओपन जिम का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को गांव में ही खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।