गरीब मजदूर के लिए बारिश बनी मुसीबत,,भरभराकर ढह गया कच्चा मकान,, मलबे में दबा सामान

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने ग्राम पर्वतपुर निवासी गरीब मजदूर शैलेंद्र के परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण उनका कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरने से परिवार का आशियाना उजड़ गया और घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय परिवार के सदस्य उसके अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
पिछले कुछ समय से हो रही बारिश के चलते पर्वतपुर निवासी गरीब शैलेंद्र के कच्चे मकान की दीवारों में नमी आ गई थी और कमजोर हो गई थीं। शुक्रवार की सुबह बारिश के बीच अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई नहीं था। हालांकि घर में रखा अनाज और घर गृहस्थी का सामान मलबे में ही दब गया। हादसे के बाद अब परिवार के पास रात गुजारने के लिए छत तक नहीं है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले शैलेंद्र ने बताया कि बारिश के इस मौसम में मकान कैसे बनेगा और कहां रहेंगे यह समस्या आ खड़ी हुई है। मकान में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया है। लगातार बारिश के चलते पहले ही रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा था। इसी बीच मकान गिर जाने से परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।