हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व,बहिनों ने भाई की कलाई पर राखी बांध, की लंबी उम्र की कामना

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । सावन माह की पूर्णिमा पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक हर्षाेल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास से सजी राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें आकर्षक उपहार भेंट किए। सुबह से ही घर-घर में पर्व की खुशियां नजर आईं और बहनों के आने से परिवारों में उत्साह का माहौल बना रहा।


दो दिन तक चलने वाले रक्षाबंधन के पर्व के पहले दिन सुबह से ही बहनें तैयारी में जुट गई थीं। पूजा की थाली में हल्दी, रोली और अक्षत सजाए गए। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर आरती उतारी और दाहिने हाथ की कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद भाइयों ने बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें नकदी के साथ फैशनेबल पर्स, मोबाइल फोन, ब्रांडेड चॉकलेट, घड़ी समेत उनकी पसंद के उपहार दिए। कई भाइयों ने बहनों की पसंद का गिफ्ट पहले से ऑनलाइन मंगवाकर रखा था। उपहार पाकर बहनों के चेहरे पर खुशी देखते ही बनी। शाम के समय पर्व को लेकर परिवारों में मिलने-जुलने का सिलसिला चलता रहा। कोतवाली परिसर में भी रक्षाबंधन का पर्व भावुक माहौल में मनाया गया। महिला सिपाहियों ने कोतवाल हरिशंकर चंद समेत पुलिस स्टाफ के सदस्यों को राखी बांधी। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और अपनापन पुलिसकर्मियों के बीच भी दिखाई दिया। रक्षाबंधन को लेकर नगर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। सीओ अजय कुमार सिंह, कोतवाल हरिशंकर चंद, अतिरिक्त निरीक्षक विवेक मौर्य, लालबाबू मिश्रा, एसएसआई संजय यति और चौकी प्रभारी मनीष तिवारी पुलिस बल के साथ नगर में लगातार गश्त करते रहे। पुलिस की सक्रियता के चलते पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।