जन्माष्टमी पर जालौन नगर के बाजार में रही चहल पहल,, कान्हा के भोग खरीदने के लिए पहुंचे लोग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को लेकर नगर के बाजार में कान्हा के भोग और प्रसाद की सामग्री खरीदने के लिए लोगों की चहल-पहल रही। घरों और मंदिरों में जन्माष्टमी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। लोगों ने माखन-मिश्री, धनिया पंजीरी, फल, मिठाइयां और पूजन सामग्री खरीदी।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर माखन-मिश्री का भोग लगाने की परंपरा के चलते इसकी सबसे अधिक मांग दिखाई दी है। लोग ताजा माखन, मिश्री, दूध और दही की खरीदारी करते नजर आए। कई घरों में माखन-मिश्री का भोग तैयार करने के लिए जरूरी सामान पहले ही जुटा लिया गया है। वहीं कुछ लोग बाजार से तैयार माखन और मिश्री खरीदकर ले जा रहे हैं। धनिया पंजीरी की खरीदारी को लेकर भी लोगों में खास उत्साह दिखा। जन्माष्टमी के बाद प्रसाद के रूप में बांटी जाने वाली धनिया पंजीरी के लिए तैयार पंजीरी के साथ ही धनिया पाउडर, बूरा, मेवा और घी की भी खूब खरीदारी की गई। महिलाएं ने घर पर पंजीरी तैयार करने के लिए सामग्री जुटाती नजर आईं। जबकि कई लोगों ने समय की बचत के लिए बाजार से तैयार पंजीरी खरीदी। वहीं, फलों की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई। खीरा, केला, सेब, अंगूर, अनार, नारियल की खरीदारी लोगों ने व्रत के फलाहार के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए भी की। जन्माष्टमी के मौके पर मंदिरों और घरों में प्रसाद के लिए पेड़ा, बर्फी, लड्डू समेत विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की बिक्री हुई। घरों और मंदिरों में लड्डू गोपाल की पूजा और मध्यरात्रि में जन्मोत्सव मनाने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।