शिक्षक दिवस पर जालौन क्षेत्र की इन शिक्षिका को मिला सम्मान

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन जनपद में शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अपने-अपने विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने वाले शिक्षकों को जिलाधिकारी राजेश पांडेय ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे।
समारोह में मुख्य अतिथि जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज की धुरी होता है। उनका सम्मान गर्व का विषय है। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा की प्रधानाध्यापक रीनू पाल को विद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और प्रभावी शिक्षा प्रणाली के लिए जिलाधिकारी राजेश पांडेय ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रीनू पाल के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और नवाचार से ही विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बेहतर होता है।प्रधानाध्यापिका रीनू पाल को इससे पूर्व भी जनपद स्तर के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए कई बार सम्मानित किया जा चुका है। शिक्षक दिवस के अवसर पर एक बार फिर सम्मान मिलने से विद्यालय परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल रहा। समारोह में शिक्षकों के योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण को सराहा गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, रमा निरंजन तथा एमएलसी बाबूलाल तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह आदि मौजूद रहे।