अतिवृष्टि के बाद जलभराव, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक
सभी नगरीय निकायों में जलभराव की निकासी से लेकर संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश

Lucknow news today ।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में हाल की अतिवृष्टि के बाद उत्पन्न परिस्थितियों तथा प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत एवं व्यवस्थागत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं को शीघ्र सामान्य करने के साथ ही आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने हाल की अतिवृष्टि के कारण विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में हुए जलभराव की स्थिति, जल निकासी, साफ-सफाई तथा संभावित संचारी रोगों से बचाव के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी जलभराव है, वहां जल निकासी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए और जलभराव समाप्त होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में तत्काल सफाई एवं सैनिटाइजेशन कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार के संचारी रोगों की स्थिति उत्पन्न न हो।

मंत्री श्री शर्मा ने आगामी त्योहारों को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख सड़कों एवं मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाए। नगरों में स्वच्छता के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार सुशोभन, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाओं को दुरुस्त कराया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने शासन एवं सभी डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्तर तक के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित विद्युत अवसंरचना की स्थिति तथा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो रही है, लेकिन जिन क्षेत्रों में अत्यधिक जलभराव अथवा अन्य कारणों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां बहाली के कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न हो। ऐसे क्षेत्रों में अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण एवं मैनपावर लगाकर मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के कार्य में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सामान्य की जाए।
मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों का लगातार आकलन करते हुए फील्ड स्तर पर निगरानी रखी जाए। विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए क्षतिग्रस्त लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य विद्युत अवसंरचना की मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद, प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, सचिव/निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, एमडी यूपीपीसीएल नीतीश कुमार, सभी डिस्कॉम के एमडी सहित नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ एवं जिलास्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़




