जालौन के कॉलेज में हुआ पॉक्सो अधिनियम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर स्थित जालौन बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को पॉक्सो अधिनियम को लेकर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को बाल यौन अपराधों से संरक्षण के लिए बनाए गए कानून, उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहने और भरोसेमंद व्यक्ति या संबंधित विभाग को जानकारी देने के लिए कहा गया।
विधिक जागरूकता शिविर की अध्यक्षता सिविल जज (जूडि) जावेद खान एवं अपर सिविल जज (जूडि) अंकिता सिंह ने संयुक्त रूप से की। सिविल जज (जूडि) जावेद खान ने कहा कि छात्राओं को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। जागरूकता के अभाव में कई बार बच्चे और उनके परिवार परेशानी की स्थिति में सही कदम नहीं उठा पाते। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का गलत व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित स्थिति महसूस होने पर उसे छिपाने के बजाय परिवार, शिक्षक या संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी परेशानी में कानूनी सहायता लेने की अपील की। अपर सिविल जज (जूडि) अंकिता सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पॉक्सो अधिनियम के तहत बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने के साथ ही पीड़ित बच्चे की पहचान और गरिमा की रक्षा से जुड़े प्रावधान भी हैं। उन्होंने छात्राओं को किसी अनजान व्यक्ति पर आसानी से भरोसा न करने, असहज स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों या शिक्षकों को बताने और जरूरत पड़ने पर कानून की मदद लेने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कानून और सुरक्षा से जुड़े विषयों को लेकर सवाल भी पूछे। मौजूद न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संतोष यादव ने किया। इस मौके पर पीएलवी विपिन कुमार, योगेश श्रीवास्तव, प्रदीप आदि रहे।


उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105