54 दिनों से अनवरत धरना प्रदर्शन कर रहे हैं अभ्यर्थी
Lucknow news today। 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के समाधान और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर पिछड़े एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। ईको गार्डन में आंदोलन के 54वें दिन अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि 25 अक्टूबर 2026 तक भर्ती का शेड्यूल जारी नहीं किया गया, तो वे 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 से न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, उन्होंने बेसिक शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और एनडीए के घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के समक्ष भी अपनी समस्याएं रखी हैं।
तूफान सिंह ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के 7 जुलाई 2026 के आदेश के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 25 अक्टूबर तक भर्ती शेड्यूल अथवा आधिकारिक विभागीय प्रेस विज्ञप्ति जारी की जानी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर 26 अक्टूबर से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी, जो भर्ती शेड्यूल जारी होने तक जारी रहेगी।
अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग से अपील की है कि उन्हें न्याय देते हुए बेसिक शिक्षा विभाग में सेवा करने का अवसर दिया जाए, ताकि उन्हें भूख हड़ताल करने के लिए मजबूर न होना पड़े।
तूफ़ान सिंह ने कहा कि आंदोलन के 53 दिन बीत जाने के बावजूद भर्ती शेड्यूल को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि भूख हड़ताल की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग की होगी।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग आरक्षण विसंगति का समाधान, आयोग के आदेश पर कार्रवाई और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित करना है। अब सभी की निगाहें 25 अक्टूबर तक सरकार की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।




