पड़ोसी के हमले से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में घर के बाहर खड़े ग्रामीण पर गांव के ही व्यक्ति ने सोमवार की सुबह कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। जानलेवा हमले में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान कानपुर में मौत हो गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा निवासी चंद्रमोहन वर्मा (39) पुत्र पन्नालाल सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे घर बाहर खड़े थे। इसी दौरान उनका पड़ोसी वीरबल पुत्र मनोहर वहां आ गया और चंद्रमोहन के साथ गाली, गलौज करने लगा। मना करने पर उसने हाथ में पकड़ी कुल्हाड़ी से चंद्रमोहन के सिर पर तीन चार वार कर दिए और धमकी देकर वहां से भाग गया। कुल्हाड़ी के हमले से गंभीर रूप से घायल चंद्रमोहन बेहोश होकर वहीं गिर गया। परिजनों को जब जानकारी हुई तो वह तत्काल उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर उसे उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। कानपुर में इलाज के दौरान सोमवार की देर रात उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी जब मृतक के परिजनों को हुई तो घर में मातम पसर गया। पत्नी सोनम व बेटा रौनक (16), अंकित (14)र् व व बेटी खुशी (11) रो रोकर बेहाल हैं। वहीं, मां विमला देवी यह खबर सुनकर गश खाकर गिर गईं। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। हालांकि अभी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ है। कोतवाल वीरेंद्र पटेल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment