
Lucknow news today । राजकीय हाई स्कूल मस्तीपुर में मंगलवार को वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नेता नागेश्वर द्विवेदी और विशिष्ट अतिथि मस्तीपुर प्रधान सूर्यकुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाध्यापक किरण यादव, पूर्व प्रधानाध्यापक नूतन अलेक्जेंडर, ज्ञानेंद्र पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, पूजा सिंह, आकांक्षा पाठक सहित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और गणेश वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्राओं ने पंजाबी, राजस्थानी और मराठी नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। लयात्मक योग की मनमोहक प्रस्तुति ने भी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्रों, मेधावियों तथा खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।




