2 कुंतल 27 किलो गांजा बरामद कीमत करीब 70 लाख रुपए, दो स्कॉर्पियो की तलाशी में 5100 रुपए मिले पुलिस ने की सीज

Orai / Jalaun news today । जालौन जनपद के थाना आटा पुलिस एवं एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 2 कुंतल 27 किलो अवैध गांजा 5,100 रुपए नकद और गांजा तस्करी में प्रयुक्त दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई गई है।
नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों पर यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना आटा प्रभारी अभिलाष मिश्रा एवं एसओजी, सर्विलांस प्रभारी रिंकू सिंह की टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव पवार (45) निवासी ग्राम एलम थाना कांधला जनपद शामली वर्तमान पता बागपत, मो. आदिल (30), मोईन खान (24) निवासी मोहल्ला पंसारियान थाना कोतवाली शामली तथा शमीम (38) निवासी ग्राम कासिमपुर खेड़ी थाना रमाला, जनपद बागपत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे चारों मिलकर गांजे का अवैध कारोबार करते हैं। वे आपस में पैसा लगाकर उड़ीसा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदते थे और झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर सहित आसपास के जनपदों में घूम-घूमकर राहगीरों और ग्राहकों को बेचते थे। बिक्री से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना आटा में मुकदमा अपराध संख्या 141/2026 धारा 8/20, 29, 60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के राज्यों एवं जनपदों से जुटा रही है।




