
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में शनिवार की सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर कार चालक को झपकी आने से कार आगे जा रहे कंटेनर से टकराई। इसके बाद डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में घायल हुए कार सवारों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उरई में इलाज के दौरान कार चालक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर शनिवार की सुबह एक कार में सवार चालक जीतू मिश्रा पुत्र कमलेश (28), कमलेश बाजपेई (45) पुत्र केदार प्रसाद, व सुभि (22) निवासीगण कालुकुंवा जनपद बांदा इटावाा की ओर से आकर बांदा की ओर जा रहे थे। जब वह ग्राम धनौरा के पास किमी संख्या 189 के पास पहुंचे तभी अचानक कार चला रहे जीतू को झपकी आ गई। झपकी आने से कार आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से जा टकराई। कंटेनर में टकराने के बाद कार डिवाइडर की ओर मुडी और डिवाइडर में टक्कर मारकर खड़ी हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पूरी कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से निकल रहे वाहन चालकों ने हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। साथ ही कार सवार सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। उरई में इलाज के दौरान घायल जीतू मिश्रा की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।











