रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । हजरत मुहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने नगर के प्रमुख मार्गों पर विशाल जुलूस निकाला। इस मौके पर हजरत मुहम्मद साहब को याद करने के साथ ही उनके किरदार के बारे में बताकर इस्लाम को मोहब्बत, अमन और भाईचारे का दूसरा नाम बताया गया। जुलूस के दौरान सरकार की आमद मरहबा, रसूल की आमद मरहबा के नारे गूंजते रहे।
ईद-मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर नगर के मोहल्ला नारोभास्कर व तकिया रोड पर की गई विशेष सजावट लोगों के आकर्षण के केंद्र में रही। मार्गों पर की जाने वाली सजावट देखने वालों को चकित कर रही थी बारह-रवी-उल-अव्वल के दिन मनाए जाने वाले हजरत मुहम्मद साहब के जन्म दिवस को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह था। क्योंकि इसी दिन हजरत मुहम्मद साहब दुनिया में तशरीफ लाए थे। सैकड़ों की संख्या में नए कपड़े व रंग-बिरंगी पगड़ी बांधकर पैदल, रिक्शे और घोड़े की सवारी के साथ लोग जुलूस में शामिल हुए। जुलूस ए मोहम्मदी का नगर में जगह जगह स्वागत किया गया। लोगों ने स्टॉल लगाकर, पानी, शर्बत, खीर आदि का वितरण किया। नगर के प्रमुख मार्गाे से होकर निकलने वाले जुलूस में शांति बनाए रखने के लिए एसडीएम राकेश सोनी व तहसीलदार अभिनव द्विवदी, सीओ अजय कुमार सिंह के साथ कोतवाल हरिशंकर चंद, अतिरिक्त निरीक्षक लालबाबू मिश्रा, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी पुलिस बल के साथ गश्त करते नजर आए।

शहर काजी मौलाना साबिर ने लोगों को हुजूर पाक की सीरत एवं यौमे पैदाइश के बारे में बताकर लोगों को उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की। उन्होंने हुजूर पाक को अमन, भाईचारे व मोहब्बत का पैगाम देने वाला बताया। जुलूस में शहर काजी मौलाना साबिर, हाफिज मकबूल, हाफिज साकिर, आमिर अत्तारी, जर्रार कादरी, इरशाद अंसारी, इमरान अंसारी, हाफिज रफीक कुरैशी, बबलू शाह, जाकिर सिद्दीकी, अफरोज शाह, नसीम खान, इशाक मंसूरी, अहमद रजा, शाकिर हसन वारसी, नफीस सभासद, अरमान, सलीम भाई, अल्लू, मसूदी, नईम उल्ला, हाशिम सिद्दीकी, मुन्ना शाह आदि रहे।










