पूरा हुआ जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन का कार्यकाल,, ब्लॉक में हुआ विदाई समारोह का आयोजन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन का कार्यकाल पूर्ण होने पर ब्लॉक सभागार में सम्मान व विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का कार्यकाल भले ही निर्धारित समय के लिए होता है, लेकिन उसके कार्य हमेशा याद किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि रामराजा निरंजन ने अपने कार्यकाल में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए। भविष्य में भी वह समाजसेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने कहा कि विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव होता है। उन्होंने रामराजा निरंजन के कार्यकाल की सराहना की। वहीं, ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने सम्मान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान सभी का सहयोग मिला, जिसके कारण विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सका। उन्होंने कहा कि जनसेवा का उनका संकल्प आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी प्रशांत दुबे, मधु सिंहल, महेंद्र भदौरिया, मलखान दोहरे, रामू गुप्ता, देवेंद्र कुमार, शैलू शिवहरे आदि रहे।