
Jalaun news today। उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद की पुलिस और एसओजी की टीम ने उस शातिर को आज फिर मुठभेड़ के बाद धर दबोचा जो इलाज कराने के नाम पर अस्पताल से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद पकड़े गए बदमाश के कब्जे से बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।

पहले भी मुठभेड के बाद गया था पकड़ा, अस्पताल से हो गया था फरार
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जालौन जनपद के उरई पुलिस और एसओजी की टीम ने बीती 10 नवंबर को शातिर बदमाश जितेंद्र परिहार उर्फ शैलेंद्र को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था जहां से उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रिफर कर दिया गया था । मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान शातिर बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस घटना के संबंध में एसपी जालौन ने दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी किया था।
एसपी ने दी विस्तार से जानकारी
मुठभेड़ के बाद पकड़े गए शातिर बदमाश की गिरफ्तारी के संबंध में जालौन जनपद के एसपी डॉक्टर इराज राजा ने मीडिया को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रकरण जितेंद्र परिहार उर्फ शैलेंद्र से संबंधित है यह फर्जी एसटीएफ और पुलिसकर्मी बनकर लोगों के साथ ठगी और लूट की घटना करता था। इसके ऊपर लगभग 20 मामले दर्ज है। उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में जालौन पुलिस ने इसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था । इसके घायल होने पर इसे उपचार के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया था जहां से यह फरार हो गया था। एसपी जालौन ने बताया कि तब से लगातार पुलिस की टीम इसे तलाश कर रही थी । आज यह अपने जीजा के पास मिलने जा रहा था इसकी सूचना पुलिस को मिली तो कुठोंद पुलिस और एसओजी की टीम ने इस मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है । इसे पुनः गिरफ्तार कर लिया गया है।





