(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । नवरात्र, मूर्ति विसर्जन और दशहरा मेला को लेकर शांति समिति की बैठक में कोतवाली परिसर में आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न निर्देश दिए गए।
नवरात्र, मूर्ति विसर्जन और दशहरा मेला को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन कोतवाली परिसर में एसडीएम सुरेश कुमार की अध्यक्षता एवं सीओ रविंद्र गौतम की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैठक में एसडीएम व सीओ ने संयुक्त रूप से कहा कि देवी पांडाल में लगाए जाने वाले टेंट में ऐसी व्यवस्था की जाए कि करंट खंभे आदि में न आए। तारों को खुला न छोड़ा जाए। एचटी लाइन और खंभे के आसपास पांडाल न लगाए जाएं। किसी अनहोनी से बचने के लिए देवी पांडाल में पानी से भरा हुआ ड्रम रखा जाए और पांडाल में सीसीटीवी कैमरे की भी व्यवस्था करें। डीजे को लेकर उन्होंने जुलूस व देवी पांडाल में निर्धारित मानक पर ही ध्वनि बजाए की बात कही। साथ ही जुलूस में शराब पीकर आने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी। इस दौरान बताया गया कि इस बार नगर क्षेत्र में 35 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 16 स्थानों पर दुर्गा पांडाल की स्थापना की जा रही है। नवरात्र को लेकर देवी भक्तों ने बताया कि सुबह व शाम बिजली की कटौती की जा रही है। नवरात्र के दौरान इस कटौती को बंद किया जाए। क्योंकि सुबह चार बजे से ही महिलाएं देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना के लिए पहुंचने लगती है। इसके अलावा सड़क के गड्ढों को भरवाने और आवारा जानवरों को बंद करने की भी मांग की गई। इस मौके पर कोतवाल विमलेश कुमार, एसडीओ कौशलेंद्र सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, रामलीला समिति के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, पवन चतुर्वेदी, मां नवदुर्गा सेवा समिति के अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।





