जोड़-तोड़ के साथ शाम को दारु-मुर्गा की दावतें भी शुरू
(संजय सिंह की रिपोर्ट )
काकोरी, लखनऊ। निकाय चुनाव को लेकर भले ही प्रदेश सरकार की ओर से अभी कोई पहल ना शुरू हुई हो।लेकिन नगर में अध्यक्ष व सभासद के चुनाव की आहट अभी से तेजी से देखने को मिल रही है।अध्यक्ष व सभासद पद के संभावित उम्मीदवारों ने नगर वालों की चौखट पर दस्तक देना शुरू कर दिया है और उनको अपने पक्ष में करने के लिए जोड़-तोड़ भी शुरू कर दिया है।संभावित उम्मीदवारों के कारण नगर पंचायत में चुनाव की सरगर्मियां धीरे-धीरे बढ़ने लगी हैं और अगली अध्यक्षी व सभासदी को लेकर नगर वालों में भी चर्चा का दौर तेजी से शुरू हो गया है।नगर पंचायत के कार्यकाल में भले ही लगभग 3 माह का समय बचा हो।इसके बावजूद नगर में चेयरमैन व सदस्य पद को लेकर चर्चाएं तेजी से शुरू हो गई हैं।नगर पंचायत अध्यक्षों और नगर पंचायत सदस्यों का कार्यकाल 12 दिसंबर को पूरा हो रहा है।इसके चलते नगर वालों को यह विश्वास है कि निकाय चुनाव नवंबर से दिसंबर माह के मध्य हो जाएंगे। लेकिन नगर पंचायत में चेयरमैन व सभासद पद की तैयारी पूरी जोर-शोर से शुरू हो गई है।नगर पंचायत काकोरी में अध्यक्ष व सभासद पद के संभावित प्रत्याशी अपनी तैयारी में अभी से जुट गए हैं।लगभग सभी संभावित प्रत्याशी वोटरों की चौखट पर जाना शुरू कर दिया है।इतना ही नहीं चुनाव लड़ने वाले ऐसे लोग जो अभी तक लोगों को पहचानते तक नहीं थे।वह अभी से ही उनका अभिवादन करने लगे हैं। नगर की छोटी-छोटी चाय समोसे की दुकानों सहित अन्य ऐसे खोके भी आबाद होने लगे हैं।जहाँ पर कुछ खाने-पीने की सामग्री मिलती है।यहां पर चुनाव लड़ने वालों के साथ ही उनके समर्थकों की भीड़ भी जुटती है और फिर दिन भर चुनावी गणित लगाई जाती है। इस परिस्थिति में ऐसे लोग जिनके पास कोई काम धंधा नहीं है।उन्हें यह चुनाव भाने लगा है।ऐसे लोग हर सम्भावित प्रत्याशी के साथ खड़े देखे जा रहे हैं।यह लोग जिसके साथ होते हैं उसे ही चुनाव जिता रहे हैं।शाम को कुछ संभावित उम्मीदवारों की ओर से मय खाना एक निश्चित स्थान पर अलग-अलग सजता है । जिसमे दारू,मुर्गा सहित खाने पीने की हर चीज मौजूद रहती है।




