(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today। उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के शेखपुर खुर्द गांव में स्थित तालाब में मगरमच्छ निकलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ निकलने की सूचना वन विभाग को दी। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम दो दिन से मगरमच्छ को पकड़ने के लिए प्रयासरत है लेकिन अभी तक मगरमच्छ पकड़ा नहीं जा सका।

हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिहारी पड़ैया के मजरा शेखपुर खुर्द में रविवार की शाम कुछ लोग तालाब पर टहलने के लिए गए तो उन्हें तालाब में हलचल दिखी। जब उन्होंने गौर से देखा तो तालाब में मगरमच्छ था। तालाब में मगरमच्छ होने की जानकारी लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र भदौरिया ने तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा लेकिन रात होने की वजह से टीम उसे पकड़ नहीं सकी।
सोमवार को भी टीम ने मगरमच्छ खोजने का प्रयास किया लेकिन सोमवार को भी टीम को खाली लौटना पड़ा। लेकिन सोमवार की रात मगरमच्छ सड़क पर घूमता नजर आया। जिससे ग्रामीण परेशान हैं, वह अपने बच्चों को बाहर नहीं भेज रहे हैं। उक्त संदर्भ में वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र भदौरिया ने बताया कि तालाब में पानी अधिक होने के चलते मगरमच्छ हो पकड़ा नहीं जा सका। उन्होंने बाहर से टीम बुलवाई है। गुरूवार को टीम आने के बाद मगरमच्छ हो पकड़ लिया जाएगा।






