
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में तीन दिनों की बारिश के बाद गांवों में स्थिति खराब है। सूरजपुरा गांव में बाढ़ जैसे हालात हैं। पूरा गांव जलमग्न है। घरों में अंदर तक पानी घुस गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम सूरजपुरा निवासी पंकज तिवारी, मुखिया तिवारी, महेंद्र पाल, सुभाष, विजय शंकर, मुन्नीलाल, बृजेश कुमार, किरण कुमार, वीरसिंह, कशैल किशोर तिवारी, सोबरन, राजेश कुमार, दुर्गाप्रसाद, रघुवीर, उमाशंकर, रघुवर दयाल, अमर सिंह, प्रमोद कुमार, बलवान सिंह आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि पिछले तीन दिनों हुई लगातार बारिश के चलते गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से गांव में पानी भर गया है। हर गली मोहल्ले में पानी ही पानी नजर आ रहा है। यहां तक कि बारिश का पानी घरों में भी घुस गया है। जिससे घरों में रखा सामान खराब हो गया है। अब पानी न निकलने से कच्चे घरों में सीलन आ रही है और उनके गिरने का खतरा मंडरा रहा है। इस पानी को सड़क काटकर ही निकाला जा सकता है। ग्रामीणों ने इसकी कोशिश भी की लेकिन मौजा बिरहरा, कुसमरा व पनहरा के ग्रामीण ऐसा करने नहीं दे रहे हैं। क्योंकि उन्हें लग रहा है कि पानी उनके खेतों में भर जाएगा और फसल नष्ट हो जाएगी। ऐसी स्थिति में गांव के लोग परेशान हैं। उन्होंने एसडीएम से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।






