इलाहाबाद झाँसी खण्ड स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा का परचम, डॉ. मान सिंह यादव 27,663 मतों से जीते; भाजपा को बड़ा झटका,,

ब्यूरो रिपोर्ट

UP MLC Election news। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों से पराजित किया। बुधवार को बुंदेलखंड महाविद्यालय स्थित कोठारी हॉल में मतगणना शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। जीत के बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने डॉ. मान सिंह यादव को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।
अंतिम परिणामों के अनुसार, सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव को 60,358 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 32,695 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल 3,949 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मतगणना के दौरान कुल 1,09,482 मतपत्रों की गणना की गई, जिनमें से 9,596 मतपत्र अवैध पाए गए।
अन्य प्रत्याशियों में दीपक कुमार द्विवेदी को 609, विष्णु कुमार और सारिका को 309-309, सत्य चंद्र दुबे को 254, केशव कांत शर्मा को 251, देवेश कुमार सिंह को 168, राहुल कनकने मोहित गुप्ता को 66, राज कुमार को 52 तथा शैलेंद्र कुमार को 37 मत प्राप्त हुए। परिणामों की सूची में मानसिंह यादव नाम से एक अन्य प्रत्याशी को 829 मत मिलने का भी उल्लेख है। मतगणना की प्रक्रिया 14 टेबलों पर नौ चक्रों में पूरी की गई। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्र निकालकर उनकी गिनती की गई। इसके बाद प्रत्याशियों के पक्ष में पड़े मतों का मिलान और गणना की गई। अवैध मतपत्रों की जांच प्रेक्षक एवं रिटर्निंग ऑफिसर ने स्वयं की। पूरी प्रक्रिया प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान उठाई गई शंकाओं और समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण किया गया। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया।इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।