असली नोट के बदले चार गुना जाली नोट की लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

एटीएस ने साल 2021 में दर्ज कराया था आठ लोगों पर मुकदमा

(संजय सिंह की रिपोर्ट )

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना पुलिस और अपराध शाखा की सयुंक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी अन्तरराज्यीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया अभियुक्त वास्तविक नोट के बदले चार गुना जाली नोट देने का लालच देकर लूटपाट करता था। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी।
पकड़े गए शातिर के सम्बंध में लखनऊ की पुलिस उप आयुक्त (पूर्वी) प्राची सिंह ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार अभ्यिुक्त की पहचान कानपुर नगर के गुजैनी पोस्ट मदनेपुर निवासी अविनेन्द्र कुमार मिश्रा के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जूर्म स्वीकारते हुए बताया कि वह और उसके गिरोह के लोग असली नोट के बदले चार गुना उच्च गुणवत्ता के जाली नोट का लालच देकर ठगी करते हैं। 2013 से अब तक कई बार गैंग बनाकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से लगभग पांच करोड़ रुपये की लूट की जा चुकी है। इन राज्यों में उनका गैंग भी फैला हुआ है। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आयी थी कि वे लोग कुछ लोगों को असली नोट के बदले गुणवत्ता की जाली नोट उपलब्ध कराने का झांसा देते हैं। जब लालच में आकर ग्राहक उनके पास जाता है तो उनसे लूट कर लेते हैं। यदि कोई विरोध करता था तो जान से मारने की अंडरवर्ल्ड की धमकी देकर चुप करा देते थे। झांसा देने के लिए नोट के आकार का कागज लेकर उसको डाई से नोट की तरह प्रिंट करके दिखाने का छलावा करते हैं। इनका गिरोह कई राज्यों में फैला हुआ है।
पुलिस उप आयुक्त ने बताया कि इसी मामले में 29 अक्टूबर 2021 को एटीएस ने दो लोगों को गिरफ्तार करके उनके पास से करीब 45 लाख की जाली करेंसी बरामद की थी। इसके बाद एटीएस ने गोमतीनगर थाना में चार गुना रकम का झांसा देकर लोगों का पैसा लूटने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इससे पूर्व में इस गिरोह के सात शातिर अपराधी पकड़े गए थे। वांछितों की तलाश की जा रही थी। तभी एक सूचना के बाद अविनेन्द्र को गिरफ्तार किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment