
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के रामपुरा ब्लॉक में परिषदीय विद्यालयों में तैनात अध्यापकों को लेकर एक कार उरई से रामपुरा की ओर जा रही थी। थोक फल व सब्जी मंडी के पास आवारा जानवरों के अचानक से सड़क पर आ जाने से कार उनसे टकरा गई। हादसे में कार सवार एक महिला शिक्षक समेत अन्य शिक्षक मामूली रूप से चुटहिल हुए। सूचना मिलने पर एसडीएम व बीडीओ भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
नगर में आवारा घूमने वाले जानवर अक्सर हादसे का सबब बनते हैं। नगर में थोक फल व सब्जी मंडी के पास आवारा पशुओं के जमावड़े से कई बार वाहन हादसे का शिकार हुए हैं। इसके बाद भी आवारा जानवरों के विचरण पर रोक नहीं लग पा रही है। बुधवार की सुबह करीब सात बजे रामपुरा ब्लॉक क्षेत्र में तैनात शिक्षकों को लेकर एक ईको कार उरई से रामपुरा की ओर जा रही थी। यह शिक्षक अपना निवास उरई में बनाए हैं और सुरक्षा की दृष्टि से प्रतिदिन कार से आते व जाते हैं। प्रतिदिन की भांति बुधवार की सुबह जब वह कार से अपने विद्यालयों में जा रहे थे तभी बंगरा रोड पर थोक फल व सब्जी मंडी के पास अचानक से दूसरी लेन से एक सांड दौड़ता हुआ डिवाइडर को पार करते हुए कार के सामने आ गया। अचानक से सामने आए सांड से कार की सांड से टक्कर हो गई। हादसे में कार के आगे के दोनों एयरबैग खुलने से किसी को अधिक चोटें तो नहीं आई। लेकिन कार में सवार शिक्षक भानुप्रताप निरंजन जीपुरा, बृजेश गौतम बिजदुवां, जितेंद्र राठौर बिजदुवां, शीला बौद्ध बिजदुवां, आशिक पचोखरा और चालक माधवेंद्र पचोखरा मामूली रूप से चुटहिल हो गए। टक्कर के बाद प्राथमिक उपचार कराकर शिक्षक अपने विद्यालयों के लिए रवाना हो गए। उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम अतुल कुमार, बीडीओ प्रशांत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चालक से हादसे के संबंध में जानकारी ली।












