जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद ट्रान्सफर हुए एसडीएम रिंकू राही को फिर वापस जालौन लाने की मांग,, युवाओं ने निकाला मार्च

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के पूर्व एसडीएम रिंकू सिंह राही को पुनः जालौन में तैनात किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को कुछ युवाओं ने बाराहीं देवी मेला मैदान से तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद तहसील परिसर में प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राकेश कुमार सोनी को सौंपा। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और विभिन्न थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
पूर्व एसडीएम रिंकू सिंह राही का 30 जून को एसडीएम (न्यायिक) उरई के पद पर स्थानांतरण किया गया था। प्रशासन ने इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है। वहीं, उनके कार्यकाल के दौरान कई विवाद भी सामने आए थे। तहसील कर्मचारियों और लेखपालों ने उनके व्यवहार को लेकर जिलाधिकारी को शिकायतें दी थीं। इसके अलावा एक कोल्ड स्टोरेज निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने भी उनके खिलाफ थप्पड़ मारने का प्रयास और धक्का देने का आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायत दर्ज कराई थी। इसकी एक वीडियो क्लिप भी जारी की गई थी। इस प्रकरण की जांच एडीएम से कराई जांच कराई जा रही है। समाधान दिवस के दौरान भी एक जनप्रतिनिधि के साथ विवाद की चर्चा रही थी। शनिवार को हुए प्रदर्शन में शामिल लोगों ने रिंकू सिंह राही को दोबारा जालौन में तैनात करने की मांग की। वहां मौजूद लोगों के अनुसार प्रदर्शन किसी पंजीकृत संगठन के बैनर तले नहीं हुआ और धरना प्रदर्शन में अधिकांश किशोर और युवा ही शामिल हुए नजर आए। इस दौरान युवा डीएम को ज्ञापन देने की मांग पर अड़े और रिंकू सिंह राही को वापस लाने की मांग कर रहे थे। कोतवाल हरिशंकर चंद के समझाने के बाद युवा एसडीएम को ज्ञापन देने को राजी हुए। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। कुठौंद, सिरसा कलार, माधौगढ़, रेंढ़र आदि थानों की पुलिस तहसील परिसर में तैनात रही। इस मौके पर प्रद्युम्न दीक्षित, पूरन सिंह, लाल सिंह, नीतेश राठौर, अभिषेक कुमार, रोहित कुमार, विशाल, अर्जुन सिंह, ओमकुमार, राजेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।