रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किमी 211 के पास देर रात खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 12 चक्का ट्रक के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत नाजुक होने पर उच्च संस्थान रेफर किया गया है।
शनिवार की रात जनपद बरेली के ग्राम सीसागढ निवासी नावेद जुल्फिकार ट्रक लेकर औरैया से आ रहे थे। किमी संख्या 211 गोहन के पास अचानक ट्रक खराब होने के कारण उसका ट्रक सड़क किनारे खड़ा हो गया। ट्रक का चालक व परिचालक मरम्मत के लिए फोन करने के लिए चला गया। रात के अंधेरे में औरैया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक के चालक को आगे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और उसने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से 12 चक्का ट्रक के प्रयागराज के अब्दुल्लापुर निवासी चालक अबरार व परिचालक मजीद घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया।










