(Bne)
मिस्र से एक बेहद हैरान करने वाली खबर आ रही है। दरअसल बात यह है कि, मिस्र की एक चर्च में भीषण आग लग गई है। इस भयानक आग की चपेट में आने से 41 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि ना जाने कितने लोग घायल हो गए है। खबरों के अनुसार ऐसा कहा जा रहा है कि, मिस्र के कॉप्टिक चर्च में यह भीषण आग लगी है। मिस्र के कॉप्टिक चर्च का कहना है कि, काहिरा के एक चर्च में आग लगने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई है और जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं। चर्च ने हताहतों की संख्या के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा कि, आग इम्बाबा के घनी आबादी वाले इलाके आबू सेफीना चर्च में लगी है। खबरों में बताया जा रहा है कि अब तक आग लगने का कारण नहीं पता चला है। पुलिस ने कहा है कि, प्रारंभिक जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। बता दें कि ये भीषण आग आज रविवार सुबह उस वक्त लगी जब सभा चल रही थी। आग को बुझाने के लिए 15 अग्निशमन गाड़ियों को घटनास्थल भेजा गया है। वहीं एंबुलेंस के जरिए घायलों को पास के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी ने कॉप्टिक क्रिश्चियन पोप तवाड्रोस सेकेंड से फोन पर बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि, मैं ऐसे दुखद दुर्घटना के घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहा हूं। मैंने सभी संबंधित राज्य एजेंसियों और संस्थानों को सभी आवश्यक उपाय करने और इस दुर्घटना और इसके प्रभावों से तुरंत निपटने का निर्देश दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, मिस्र में हाल ही के सालों में कई भीषण आग के हादसों का सामना कर चुका है। साल 2021 में काहिरा के पूर्वी उपनगर में एक कपड़ा कारखाने में भीषण आग लग गई थी। जिसमें कई लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबरें आई थी। इसके अलावा 2020 में एक अस्पताल में आग लगने की वजह से 14 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई थी।