आजाद समाज पार्टी अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने की वाराणसी में जनसभा,, किया ये बड़ा एलान,,,

चंद्रशेखर आज़ाद का ऐलान—सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में सभी विभागों के बैकलॉग को भरने का काम करेंगे, युवाओं के भविष्य और बहुजन समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा

Varansi news today ।वाराणसी आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने आज वाराणसी की शिवपुर विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए युवाओं के रोजगार, आरक्षण, शिक्षा व्यवस्था, सरकारी विभागों में रिक्त पदों तथा बहुजन समाज के राजनीतिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में सभी विभागों के बैकलॉग को भरने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि वंचित वर्गों को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।

टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों के भविष्य की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी

चंद्रशेखर आज़ाद ने उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी भर्ती की नई नियमावली से प्रभावित अभ्यर्थियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पुरानी नियमावली के आधार पर तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के हितों की अनदेखी उनके भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। सरकार को युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ऐसा समाधान निकालना चाहिए, जिससे उनकी वर्षों की मेहनत और तैयारी व्यर्थ न जाए।

निजी क्षेत्र में आरक्षण के लिए संसद में उठाई आवाज

सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के युवाओं को निजी क्षेत्र में भी प्रतिनिधित्व और अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने इस दिशा में संसद में Private Member Bill लाकर एससी, एसटी और ओबीसी के बच्चों को निजी क्षेत्र में आरक्षण देने की मांग उठाई है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रह सकता। जब निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, तब वंचित समाज के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

ANM और NHM संविदा कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी

चंद्रशेखर आज़ाद ने ANM सहित NHM के संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हमारी सरकार बनने पर ANM और NHM संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा नियमितीकरण, EPF, ग्रेच्युटी एवं स्वास्थ्य बीमा, पारदर्शी स्थानांतरण नीति तथा लंबित सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

आगे नगीना सांसद ने कहा कि लंबे समय से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे ANM और अन्य NHM संविदा कर्मचारियों के भविष्य को अनिश्चितता में नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने पर इन कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और स्थायी भविष्य की गारंटी देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से भी मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं पर तत्काल वार्ता कर ठोस निर्णय लिया जाए और उन्हें सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा एवं स्थायी भविष्य की गारंटी दी जाए।

होमगार्ड से लेकर बेरोजगार युवाओं तक, हर संघर्ष में साथ खड़ी होगी आज़ाद समाज पार्टी

चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि प्रदेश और देश में होमगार्ड कर्मियों, पंचायत सहायकों, पुलिसकर्मियों और बेरोजगार नौजवानों सहित विभिन्न वर्गों के लोग अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। जब भी पीड़ित और परेशान लोग उनसे मदद की अपील करते हैं, उनकी आवाज को उठाना उनका कर्तव्य बन जाता है।

उन्होंने कहा कि केवल अपनी समस्याओं के समाधान की अपील करने से व्यवस्था नहीं बदलती, बल्कि इसके लिए राजनीतिक ताकत का निर्माण करना पड़ता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने वोट की ताकत को पहचानें और आजाद समाज पार्टी को मजबूत बनाएं।

उन्होंने कहा, “आपका वोट इतना ताकतवर है कि जिसे चाहेंगे कुर्सी पर बैठा देंगे और जिसे चाहेंगे जमीन पर ला देंगे। जिस दिन बहुजन समाज ने अपने वोट की ताकत को पहचान लिया, उस दिन उसकी समस्याओं के समाधान का रास्ता मजबूत हो जाएगा।”

मान्यवर कांशीराम साहब के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प

बहुजन आंदोलन का उल्लेख करते हुए चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने समाज को राजनीतिक चेतना देने और वोट की ताकत को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने समझाया कि वोट केवल मतदान का माध्यम नहीं, बल्कि सत्ता और व्यवस्था में भागीदारी हासिल करने का सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक हथियार है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग अपने परिवार और बहन-बेटियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहते हैं, उसी प्रकार अपने वोट की रक्षा भी करनी चाहिए। वोट को जिम्मेदार नेतृत्व के हाथों में सौंपने से राजनीतिक शक्ति का निर्माण होता है और यही शक्ति अन्याय तथा शोषण के खिलाफ समाज को मजबूत बनाती है।

मजबूत राजनीतिक दल से ही मजबूत होगी बहुजन समाज की आवाज

चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) का गठन वर्ष 2020 में इसी उद्देश्य से किया गया कि बहुजन समाज को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल के पास संगठनात्मक ताकत होगी, तभी समाज की आवाज को सत्ता के गलियारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा, “जिनका दल नहीं होता, उनकी आवाज कमजोर पड़ जाती है और जिनकी आवाज कमजोर होती है, उनकी समस्याओं का समाधान भी मुश्किल हो जाता है। जिस दिन बहुजन समाज अपने दल को मजबूत कर लेगा, उस दिन उसे अपने अधिकारों के लिए किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”

अंत में उन्होंने युवाओं, कर्मचारियों, वंचित वर्गों और बहुजन समाज के लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने, लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने तथा राजनीतिक भागीदारी मजबूत करने की अपील की।