रिपोर्ट – संजय सिंह
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बुधवार को जिला जेल में पहुंचकर बंदियों से संवाद किया। इस दौरान बंदियों को भगवत गीता, जपमाला और कम्बल वितरित किया। कम्बल वितरण कार्यक्रम कृष्णा मूवमेन्ट वृन्दावन एवं अक्षयपात्र फाउन्डेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी प्रदेश का मंत्री विभागीय उपलब्धियों एवं प्रगति के संबंध में प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर प्रजेन्टेशन दिया और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान कारागार विभाग को और सुदृढ़ किये जाने के बारे में प्रधानमंत्री से और अधिक विस्तृत चर्चा भी हुई।

प्रधानमंत्री ने संवाद कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कारागारों में और अधिक सुधारात्मक कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संवाद का उद्देश्य है कि बंदी अपने में सुधार लाये और एक अच्छा इंसान बनकर जेलों से बाहर निकलें। संवाद के दौरान बहुत से बंदी अपने किये पर पश्चात करते हैं और अपने में सुधार लाने की भी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। श्री प्रजापति ने संवाद के दौरान बंदियों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में सुधार लाये, मंत्रों का उच्चारण करें और नकारात्मक चर्चा से दूर रहें। आपके ऊपर आपका पूरा परिवार निर्भर है। जब तक यह भावना आपके मन में नहीं बैठेगी तब तक आप छोटे-मोटे अपराध करते रहेंगे।




