पवनपुत्र हनुमान जी का अपमान करना एक पाकिस्तानी पत्रकार को बहुत मंहगा पड़ गया। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के सिंध प्रांत में पुलिस ने एक पत्रकार को हिंदू भगवान पवनपुत्र हनुमान के अपमान के आरोप में ईशनिंदा क़ानून के तहत गिरफ़्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मीरपुरख़ास शहर के सेटेलाइट थाने में इस संबंध में एक मुक़दमा भी दर्ज किया गया है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार शिकायतकर्ता रमेश कुमार का कहना है कि वो लुहाना पंचायत मीरपुरख़ास के उपाध्यक्ष है।
उनका दावा है कि 19 मार्च को वो अपने दोस्तों के साथ थे तभी उन्होंने देखा कि असलम बलोच नाम के एक स्थानीय पत्रकार ने भगवान पवनपुत्र हनुमान की एक तस्वीर अपने फ़ेसबुक पन्ने और व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर की है।
रमेश कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि भगवान हनुमान की ये तस्वीर साझा करके असलम बलोच ने उनकी और उन जैसे अन्य हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने दावा किया ये तस्वीर शेयर करके धर्मों के बीच वैमनस्यता फैलाने और क़ानून व्यवस्था को ख़राब करने का प्रयास भी किया ।




