(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)
Jalaun news today । बैंक से ऋण लेने के बाद उपभोक्ता ऋण वापस नहीं कर रहे हैं। बैंक द्वारा आरसी जारी होने के बाद भी तहसील कर्मचारी वसूली नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते इंडियन बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम व तहसीलदार से भेंट कर वसूली के लिए अमीनों को निर्देशित किए जाने की मांग की है।
इंडियन बैंक मंडी शाखा के प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह यादव, मुख्य शाखा के सहायक प्रबंधक संतोष कुमार, बाबई शाखा प्रबंधक राजीव शर्मा, हदरूख विशाल कुमार, छिरिया सलेमपुर आशीष गुप्ता ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम सुरेश कुमार व तहसीलदार एसके मिश्रा से भेंटकर बताया कि पांच शाखाओं के लगभग दो से ढाई हजार बकाएदार ऐसे हैं। जिन्होंने बैंकों से ऋण लिया है। लेकिन निर्धारित सीमा बीतने और कई बार नोटिस देने के बाद भी वह बैंकों से लिया गया ऋण वापस नहीं कर रहे हैं। पांचों शाखाओं का लगभग तीस करोड़ रुपये बकाया है। ऋण चुकता न करने के चलते बैंकों द्वारा आरसी भी जारी कर दी गई है। आरसी जारी होने के बाद भी वसूली नहीं हो रही है। तहसील कर्मचारी वसूली पर ध्यान नहीं दे रहे हैं जिसके चलते बैंकों का बकाया जमा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एसडीएम व तहसीलदार से मांग करते हुए कहा कि अमीनों को वसूली के लिए निर्देशित किया जाए ताकि ऋण वसूली में तेजी आ सके। बैंकों के शाखा प्रबंधक की मांग पर एसडीएम ने कहा कि जो भी बकाएदार हैं उनकी सूची उपलब्ध कराएं साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि वह अमीनों की टीम गठित कर उन्हें वसूली के लिए निर्देशित किया जाएगा।






