(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । जालौन विकास खंड के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में अन्ना जानवरों की समस्या के समाधान के गोशाला निर्माण की लगातार मांग की जा रही है। गोशाला के लिए जगह चिन्हित होने के बाद भी विकास विभाग जगह न होने की बात कह कर गोशाला का निर्माण नहीं करा रहा है। किसानों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर गोशाला का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में अन्ना जानवरों की समस्या के समाधान के लिए लंबे समय से गोशाला के निर्माण की मांग की जा रही है। समाजसेवी गजेंद्र सिंह सेंगर, अवधेश सिंह, गौरीशंकर, राजा सिंह, राघवेंद्र सिंह, ग्याप्रसाद, जयकरन, वीरेंद्र, संजू, मुलायम सिंह, राजभान, विशम्भर आदि ने एसडीएम सुरेश कुमार को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में गोशाला खोलने के लिए स्थानीय प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक से निवेदन किया था। ग्रामीणों की मांग पर राजस्व विभाग ने गोशाला के लिए जगह की तलाश की। ग्राम सभा की बैठक के बाद राजस्व विभाग की टीम ने गाटा 457 को गोशाला के लिए उपयुक्त माना था। उपरोक्त जगह का सीमांकन कर तहसीलदार ने पांच जनवरी 2022 में अपनी रिपोर्ट भेज दी थी। राजस्व विभाग की अनापत्ति के बाद दो वर्ष बीतने को है इसके बाद भी गांव में गोशाला का निर्माण नहीं कराया गया है। जब ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर कर की। तो 28 फरवरी 2023 को बीडीओ ने शिकायत का निस्तारण कर दिया कि गांव में जगह उपलब्ध न होने के कारण गोशाला का निर्माण नहीं हो सकता है। मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायत के निस्तारण के प्रति भी अधिकारी गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने एसडीएम से गांव में अन्ना गोवंशों की समस्या के समाधान के लिए जनहित में गोशाला का निर्माण कराने की मांग की है।





