
Lucknow news today समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होने कहा है कि भाजपा सरकार की नीतियों के पीछे पूंजीपतियों का हाथ होता है भाजपा सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर नीतियां बनाती हैं। चाहे तीनों काले कृषि कानून हो, रोड से जुड़ा कानून हो या अन्य कानून। यह सभी कानून भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों की इशारे पर बनाए थे, जिन्हें जनता के विरोध में वापस लेना पड़ा।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा इस तरह के कानून और नियम बनाकर लोगों की मदद नहीं करती है, वह मुनाफा तलाशती है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लूट चल रही है। आयुष्मान योजना में घोटाला सामने आया है अन्य कई योजनाओं में बड़े पैमाने पर लूट और भ्रष्टाचार हुआ है, जितनी लूट इस सरकार में हो रही है उतनी कभी नहीं हुई।
श्री यादव ने आज लखनऊ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करतेे हुए कहा कि भाजपा सरकार में गारंटी वैसे ही है, जैसे कोरोना काल में थाली और ताली बजाकर कोरोना भगाने की गारंटी थी। भाजपा सरकार किसानों की आय दुगनी करने और नौजवानों को नौकरी देने की गारंटी क्यों नहीं पूरा कर रही है?
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार देश की अर्थव्यवस्था को जिस रास्ते पर ले जा रही है, उस रास्ते से नौजवानों को नौकरी कभी नहीं मिलेगी। नौकरी नौजवानों के लिए सपना हो जाएगी। भाजपा सरकार में पढ़े-लिखे नौजवान डिलीवरी बॉय बनकर रह गए हैं। यह सरकार नौजवानों को डिलीवरी बॉय की नौकरी दे रही है। भाजपा सरकार पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव कर रही है। पीडीए का बजट काट रही है। इन वर्गों का बजट काटकर दूसरे आयोजन किये जा रहे हैं। बजट का डायवर्सन हो रहा है।
उन्होने कहा कि जातीय जनगणना से ही पीडीए को हक और सम्मान मिलेगा। जातीय जनगणना से ही सामाजिक न्याय हो सकेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग लंबे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। लोकसभा में इस मांग को लेकर चर्चा हुई थी और सहमति भी बनी थी, लेकिन सरकार ने जातीय जनगणना के आंकड़े जारी नहीं किये। उन्होंने कहा कि समाजवादियों को जब भी मौका मिलेगा, जातीय जनगणना करायेंगे और सभी जातियों को उनकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान दिलाएंगे।
श्री यादव ने प्रदेश में छुट्टा जानवरों की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश का किसान परेशान है, किसान अपनी खेती और फसल को बचाने के लिए रात भर रखवाली करता है। प्रदेश में किसानों को खेती बचाने के लिए तार लगाना पड़ रहा है। प्रदेश के हर जिले में छुट्टा जानवरों के हमले में लोगों की जान जा रही है इस समस्या के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर नौजवानों को सेना में पक्की नौकरी नहीं देना चाहती है। भाजपा सरकार जानती है सेना में पीडीए के लोग ज्यादा है। बड़ी संख्या में पिछड़े, दलित, नौजवान सेना भर्ती में जाते हैं, उन्हें सेना की नौकरी मिल जाती थी तो घर में खुशहाली आती थी। आर्थिक स्थिति में सुधार होता था और समाज में सम्मान भी बढ़ जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने जानबूझकर अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों को अपमानित करने का काम किया है।





