
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में ऐदलपुर के पास बिनौरा के हार में शनिवार की देर शाम अधेड़ व्यक्ति का शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही चुर्खी थाना व जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की देर शाम करीब सात बजे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम एदलपुर सिहारी के बीच किसान अपने खेतों से वापस घर लौट रहे थे। जब वह बिनौरा हार के पास पहुंचे तो मातादीन के खेत में एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया। जब किसान पास पहुंचे तो लगभग 42 वर्षीय व्यक्ति खेत में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसकी नाक से खून निकल रहा था। खेत में शव पड़े होने की खबर तुरंत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। इसकी सूचना ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली से एसआई ओंकार सिंह व चुर्खी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन कोई भी व्यक्ति शव का शिनाख्त नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पूछतांछ में ग्रामीणों ने बताया कि जब वह खेत से वापस आ रहे थे तो उपरोक्त व्यक्ति का शव खेत में पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसआई ओंकार सिंह ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान कराने की कोशिश की गई। रविवार को भी पुलिस ने पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर उक्त व्यक्ति सफेद शर्ट और नीली जांघिया में पड़ा हुआ मिला, उसकी पेंट गायब थी। उसके सीने, नाक और सीने के नीचे चोट के निशान नजर आ रहे हैं। कोतवाल वीरेंद्र पटेल ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लापता हुए व्यक्तियों की भी जानकारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





