पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। कभी हाथों में मजदूरी के औजार थे और आंखों में सरकारी वर्दी पहनने का सपना। हालात ऐसे थे कि परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने के लिए मजदूरी करनी पड़ती थी लेकिन मिथुन ने न तो गरीबी के आगे घुटने टेके और न ही अपने सपनों से समझौता किया। आखिरकार मेहनत रंग लाई और ग्राम पंचायत सुढ़ार सालाबाद के इस होनहार बेटे का पीएसी में चयन हो गया। आज उसी बेटे के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा और डीजे-बाजे की धुन पर खुशियां मनाई गईं।
मिथुन तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। घर में शिक्षा का माहौल तक नहीं था। करीब दस वर्ष पहले पिता का साया भी सिर से उठ गया था। ऐसे कठिन दौर में परिवार के सामने कई चुनौतियां थीं। आर्थिक तंगी के चलते मिथुन को मजदूरी भी करनी पड़ी, लेकिन उन्होंने पढ़ाई का दामन नहीं छोड़ा। दिन में मेहनत-मजदूरी और आंखों में बेहतर भविष्य का सपना लेकर उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। भाइयों का सहयोग मिला तो हौसला और मजबूत होता गया।
अनुसूचित जाति समाज से आने वाले मिथुन ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया कि सफलता किसी की आर्थिक हैसियत देखकर दरवाजा नहीं खोलती। इसके लिए मजबूत इरादे और लगातार संघर्ष की जरूरत होती है। पीएसी में चयन के बाद मेडिकल प्रक्रिया पूरी कर जब मिथुन गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। डीजे-बाजे के साथ गांव में जुलूस निकाला गया और लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर अपने लाड़ले का अभिनंदन किया। गांव में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
जिस परिवार ने कभी अभावों के चलते शिक्षा की राह में मुश्किलें देखीं, आज उसी परिवार का सबसे छोटा बेटा पूरे गांव के लिए मिसाल बन गया है।
मिथुन की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो गरीबी और मुश्किल परिस्थितियों के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेते हैं। उनकी कहानी संदेश देती है कि मजदूरी करने वाले हाथ भी कलम थामकर और मेहनत के दम पर वर्दी तक पहुंच सकते हैं।
आज सुढ़ार सालाबाद में सिर्फ मिथुन का स्वागत नहीं हुआ बल्कि उस संघर्ष का सम्मान हुआ जिसने गरीबी को हराकर सफलता का परचम लहरा दिया।





