
Jalaun news today । जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम खनुआं में अंत्येष्टि स्थल तो है लेकिन बारिश के मौसम में इस अंत्येष्टि स्थल तक अंतिम संस्कार के लिए लोग न तो रास्ते से जा पाते और न ही इस स्थल पर दाह संस्कार कर पाते हैं। ग्रामीणों ने अंत्येष्टि स्थल पर खडंजा या सीसी रोड और अंत्येष्टि स्थल पर टिन शैड आदि की व्यवस्था कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम खनुआं निवासी दीपू समाधिया ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि गांव में अंत्येष्टि स्थल तो है लेकिन उसमें बारिश के समय अंतिम संस्कार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि टिन शैड आदि की व्यवस्था नहीं है। पानी भरने से अंतिम संस्कार में दिक्कत होती है। इसके अलावा इस अंत्येष्टि स्थल तक जाने का रास्ता इतनी दलदल से भरा हुआ है कि उसमें पैदल चलना भी मुसीबतों से भरा हुआ है। बारिश के समय इस स्थल में इतना पानी भर जाता है कि उसमें अंतिम संस्कार हो ही नहीं सकता है। इसके लिये कई बार जन प्रतिनिधियों से लिखित व मौखिक रुप से शिकायत की गई है। लेकिन अब तक समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। जिससे गांव के लोगों को अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार में परेशानी उठानी पड़ती है। खासतौर पर बारिश के मौसम में लोगों को बहुत दिक्कत होती है। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि गांव में लोगों को परेशानियों से बचाने के लिए अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाए और अंत्येष्टि स्थल तक पहुंचने के लिए खडंजा या सीसी रोड बनवाया जाए।





